
आधार कार्ड जो हर भारतीय नागरिक की पहचान के लिए एक महत्त्वपूर्ण दस्तावेज है, इसे समय रहते अपडेट करना जरुरी हो गया है। ऐसे में यदि आपने अभी तक अपने आधार कार्ड के विवरण को अपडेट नहीं किया है, तो आपके लिए राहत की खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, मायआधार (myAadhaar) के जरिए मुफ्त आधार अपडेट की डेडलाइन को फिर से बढ़ा दिया है। अब आप 14 जून, 2025 तक अपने आधार कार्ड के विवरण को मुफ्त में अपडेट कर सकते हैं।
पहले UIDAI ने 14 दिसंबर 2023 तक की समयसीमा निर्धारित की थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर जून 2025 तक कर दिया गया है। यह उन सभी लोगों के लिए एक अच्छा अवसर है जिन्होंने पिछले 10 वर्षों में अपने आधार विवरण को अपडेट नहीं किया है।
UIDAI का महत्त्वपूर्ण कदम
यह एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि आधार कार्ड का सही और अद्यतन विवरण कई सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं, और अन्य दस्तावेजों के लिए अनिवार्य है। हालांकि, यह याद रखना जरूरी है कि इस मुफ्त सेवा का लाभ केवल कुछ विशेष विवरणों के लिए मिलेगा। सिर्फ डेमोग्राफिक जानकारियां, जैसे नाम, जन्मतिथि, पता, और मोबाइल नंबर मुफ्त में अपडेट किए जा सकते हैं। यदि आपको बायोमेट्रिक जानकारी, जैसे फिंगरप्रिंट, फोटो, या आंखों की स्कैनिंग में बदलाव करना हो, तो इसके लिए आपको आधार सेंटर जाना होगा और शुल्क अदा करना होगा।
क्यों जरूरी है बायोमेट्रिक अपडेट?
UIDAI ने बायोमेट्रिक अपडेट को अनिवार्य किया है खासतौर पर उन लोगों के लिए जिनके बायोमेट्रिक डेटा में उम्र, सर्जरी, दुर्घटना या अन्य स्थितियों के कारण बदलाव आया है। यह उन नाबालिगों पर भी लागू होता है, जिनकी उम्र 15 वर्ष से कम है। छोटे बच्चों के बायोमेट्रिक्स समय के साथ बदल सकते हैं, और इसलिए उनकी सटीकता बनाए रखने के लिए यह अपडेट आवश्यक है।
आधार को ऑनलाइन मुफ्त में कैसे अपडेट करें?
यदि आप आधार कार्ड के डेमोग्राफिक विवरण को मुफ्त में ऑनलाइन अपडेट करना चाहते हैं, तो आपको कुछ सरल कदमों का पालन करना होगा:
- सबसे पहले, मायआधार पोर्टल (myAadhaar Portal) पर जाएं।
- अपना आधार नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए OTP का उपयोग करके लॉग इन करें।
- अब अपने आधार के विवरण, जैसे नाम, पता और मोबाइल नंबर को चेक करें और उसे सत्यापित करें। अगर किसी जानकारी में बदलाव की आवश्यकता है, तो आप उसे अपडेट कर सकते हैं।
- अपडेट करने के लिए संबंधित दस्तावेज़ (जैसे पहचान या पते का प्रमाण) अपलोड करें। यह दस्तावेज JPEG, PNG या PDF फॉर्मेट में होना चाहिए, और अधिकतम फाइल साइज 2 MB हो सकती है।
- अपनी अपडेट रिक्वेस्ट सबमिट करें और ट्रैकिंग के लिए 14-डिजिट अपडेट रिक्वेस्ट नंबर (URN) नोट करें।
- जब आपका अपडेट स्वीकृत हो जाएगा, तो नया आधार कार्ड डाउनलोड करने के लिए पोर्टल पर उपलब्ध होगा।