
आधार कार्ड आज के समय में हमारे सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों में से एक है, बैंक खाता खुलवाने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक, हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है लेकिन कई बार लोग नए शहर या घर में शिफ्ट होते हैं और उनके पास पते का कोई वैध प्रमाण (Proof of Address) नहीं होता। ऐसे में आधार में पता अपडेट कराना एक बड़ी चुनौती बन जाता है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने ऐसे ही लोगों के लिए एक खास सुविधा ‘Address Validation Letter’ की व्यवस्था की है, इसके जरिए आप बिना किसी निजी दस्तावेज के अपना पता अपडेट कर सकते हैं। UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर यह सुविधा उन निवासियों के लिए उपलब्ध है जिनके पास रेंट एग्रीमेंट या बिजली बिल जैसे प्रूफ नहीं हैं।
क्या है ‘Address Validation Letter’?
यह एक प्रमाणीकरण पत्र है जो UIDAI द्वारा उस पते पर भेजा जाता है जिसे आप अपने आधार में दर्ज करना चाहते हैं। इसमें एक ‘सीक्रेट कोड’ होता है, जिसकी मदद से आप ऑनलाइन अपना पता बदल सकते हैं। इसके लिए आपको एक ‘सत्यापनकर्ता’ (Verifier) की आवश्यकता होती है, जो आपके नए पते की पुष्टि कर सके।
अपडेट करने की पूरी प्रक्रिया: स्टेप-बाय-स्टेप गाइड
बिना डॉक्यूमेंट के पता बदलने की प्रक्रिया चार मुख्य चरणों में पूरी होती है:
- सबसे पहले myAadhaar पोर्टल पर जाकर लॉगिन करें और ‘Request Address Validation Letter’ का विकल्प चुनें। यहाँ आपको अपने सत्यापनकर्ता (जैसे मकान मालिक या रिश्तेदार) का आधार नंबर दर्ज करना होगा।
- आपके सत्यापनकर्ता के मोबाइल पर एक लिंक भेजा जाएगा। उस लिंक के जरिए उन्हें अपनी सहमति देनी होगी, जिसके बाद आपको एक सर्विस रिक्वेस्ट नंबर (SRN) प्राप्त होगा।
- सहमति मिलने के कुछ दिनों के भीतर UIDAI सत्यापनकर्ता के पते पर पोस्ट के जरिए एक पत्र भेजेगा इस पत्र के अंदर एक गोपनीय ‘सीक्रेट कोड’ होगा।
- कोड मिलने के बाद दोबारा पोर्टल पर लॉगिन करें और ‘Proceed to Update Address’ सेक्शन में जाकर ‘Update Address via Secret Code’ चुनें कोड दर्ज करते ही आपका नया पता अपडेट हो जाएगा।
विकल्प: ‘हेड ऑफ फैमिली’ (HoF) आधारित अपडेट
हाल के अपडेट्स के अनुसार, UIDAI ने Head of Family (HoF) आधारित अपडेट की सुविधा को भी काफी सरल बनाया है। यदि आप अपने परिवार के किसी सदस्य के साथ रह रहे हैं, तो केवल परिवार के मुखिया के आधार और उनके साथ अपने रिश्ते का प्रमाण (जैसे राशन कार्ड या स्व-घोषणा पत्र) देकर भी पता बदल सकते हैं।
ध्यान रखें कि इस पूरी ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए आपके और आपके सत्यापनकर्ता दोनों का मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना अनिवार्य है।


